ATN:दिल्ली: नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीनबाग़ में धरने पर बैठी महिलाओं को डराए के लिए प्रदर्शन स्थल पर फायरिंग करने वाला आरोपी कपिल गुर्जर आज रिहा हो गया। अदालत से इस मामले में जमानत मिलने के बाद जब वह अपने घर पहुंचा तो लोगों ने ढोल नगाड़ों से उसका स्वागत किया। लोगों ने उसकी आजादी पर जश्न मनाया।
शाहीन बाग़ में फायरिंग करने वाला कपिल गुर्जर हुआ रिहा:
दरअसल, दिल्ली के शाहीनबाग़ में लगभग तीन महीनों से सीएए के खिलाफ महिलाएं प्रदर्शन कर रहीं हैं। शाहीनबाग़ में हो रहे प्रदर्शन के बीच उस समय विवाद ज्यादा बढ़ गया था, जब एक युवक ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंच कर फायरिंग कर दी। फायरिंग करने वाले का नाम कपिल गुर्जर है।
धूमधाम से हुआ स्वागत, जमकर हुई आतिशबाजी:
उसकी गिरफ्तारी के बाद अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। उसे 25 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा किया गया है। कपिल को रोहिणी जेल से रिहा किया गया। इसके बाद वो सीधा दल्लुपुरा अपने घर पहुंचा। घर से बाहर मेन रोड पर ही लोग कपिल का इंतजार कर रहे थे। उसका स्वागत ढोल नगाड़ों से किया गया। लोगों ने उसे कंधे पर उठा लिया। उससे लगे लगने वालों का तांता लग गया। जमकर आतिशबाजी की गयी।
आम आदमी पार्टी से जुड़ा था नाम:
बता दें कि कपिल गुर्जर ने शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल के समीप 1 फरवरी को फायरिंग की थी। इस घटना के बाद उसका नाम आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ा था। कहा गया कि कपिल के पिता गजे सिंह और भाई आम आदमी पार्टी से ताल्लुक रखते हैं। हालाँकि कपिल ने इस बात से इंकार कर दिया था।