UP के आगरा में तीन करोना संक्रमितों की मौत, 27 केस नए मिले

ATN: आगरा/आगरा में अभी तक संक्रमितों की संख्या 667 पहुंच गई है। बुधवार को आई रिपोर्ट में 13 सुबह और 14 रात में कोरोना संक्रमित मिले। हालांकि स्वस्थ होने वाले मरीजों का भी आंकड़ा तेजी के साथ बढ़ रहा है। वहीं शाम को दुखद खबर आई। कोरोना संक्रमित एक महिला सिपाही के अलावा एक अन्य सिपाही और रोडवेज के परिचालक की मौत हो गई। मृतकों की सं‌ख्या 18 पहुंच गई है। 



बुधवार को ककरैठा (सिकंदरा) की ईश्वर नगर कालोनी में बुधवार की सुबह महिला सिपाही विनीता यादव की मौत हो गई। दो मई को लेडी लॉयल में उसने एक बच्ची को जन्म दिया था। उस दौरान उसकी कोरोना की जांच हुई थी। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं ईदगाह डिपो में तैनात रोडवेज कंडेक्टर डीपी शर्मा की निजी अस्पताल में मौत हो गई। वह तकरीबन 20 दिन से बीमार चल रहे थे। उनका एसएन मेडिकल कॉलेज में भी इलाज हुआ था। कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आई। 



मंगलवार को 19 लोग संक्रमित मिले थे। इनमें गर्भवती महिलाओं से लेकर पुलिसकर्मी भी शामिल थे। कुछ केस ऐसे भी थे जो निजी अस्पतालों में इलाज कराने पहुंचे तो कोविड टेस्ट कराने को कहा गया। कोविड टेस्ट में पॉजिटिव आ गए। बुधवार को आई रिपोर्ट में 27 नए संक्रमित मिले हैं। इन नए मरीजों में चार संक्रमित हॉटस्पॉट एरिया से हैं, जिनकी रेंडम सैंपलिंग हुई थी। वहीं छह आईसोलेशन वार्ड से हैं। तीन संक्रमित हॉट स्पाट एरिया से हैं। नए संक्रमितों के आने से अब आगरा में कुल संक्रमितों की संख्या 667 हो गई है। 



जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि बुधवार को दो लोगों की मौत हो गई। हालांकि दोनों लोग अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे, लेकिन उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हॉट स्पाट एरिया से संक्रमितों के मिलने के कारण ज्यादा चिंता की बात नहीं है। ये; सभी लोग पहले से ही ट्रेस किए जो चुके हैं। इन इलाकों में रेंडम चेकिंग कराकर टेस्ट कराए जा रहे हैं। इससे फायदा ये होगा कि हॉट स्पाट एरिया जल्द ही ग्रीन जोन में बदल जाएंगे।