ATN:इंदौर। प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के पुजारी भट्ट परिवार के एक सदस्य उमेश भट्ट (नानू महाराज) को भी कोरोना हो गया है। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उनके परिवार के सभी 14 सदस्यों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। हालांकि, पुजारी परिवार ने कहा कि हम सभी स्वस्थ हैं।
मंदिर के पंडित अशोक भट्ट परिवार के सदस्यों की पिछले दिनों तबीयत खराब हुई थी। उसके बाद सबसे पहले इनके सबसे बड़े भाई धर्मेंद्र, फिर अशोक और दो दिन बाद छोटे भाई उमेश भट्ट का स्वास्थ्य खराब हो गया। एक हफ्ते के अंतराल में परिवार के लगभग सभी सदस्यों को बुखार आ गया था। इसके बाद उन्होंने अपना इलाज कराया।
तीन-चार दिनों में सभी सदस्यों की तबीयत भी ठीक हो गई लेकिन उमेश भट्ट की तबीयत दोबारा बिगड़ गई। उन्हें बेचैनी और घबराहट के बाद अस्पताल ले जाया गया।
पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि उमेश की तबीयत अब ठीक है। उन्हें चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम सभी सदस्य पूरी तरह से होम क्वारंटीन हैं। प्रशासन के नियमों का पालन कर रहे हैं। उमेश जल्द ही स्वस्थ होकर घर आएंगे। उनकी बाकी की दो रिपोर्ट आना है।