ATN:ताजनगरी में शुक्रवार को कोरोना मरीजों का आंकड़ा 700 के पार चला गया। 28 नए संक्रमित मिलने से कुल 706 हो गए। इनमें से 303 ठीक होकर घर जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों का कहना है कि आगरा में कुल संक्रमित 706 हो गए हैं। हालांकि डीएम प्रभु एन सिंह ने आंकड़ा 701 पर पहुंचने की पुष्टि की है।
मुरादाबाद में मिले 8 और पॉजिटिव
मुरादाबाद में शुक्रवार को 8 कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी मामले हॉटस्पॉट एरिया के हैं। एक दूधवाले और एक सब्जी बेचने वाले को भी कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने से हड़कंप की स्थिति है।
पिता के बाद बेटे की रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव
मथुरा में पिता के बाद बेटे की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बेटा आठ दिन से परिवार सहित वृंदावन के कृष्णा कुटीर में क्वारंटीन था, जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 40 हो गई है।
फिरोजाबाद में मिले चार नए कोरोना संक्रमित
शु्क्रवार को फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण के चार केस और मिले। अब जिले में 174 हुई संख्या। वहीं कोरोना संकमण का शिकार हुए एक व्यक्ति की सैफई में इलाज के दौरान मौत हुई है। 30 अप्रैल को यह एक युवती के संपर्क में आने से संक्रमित हुआ था। दो दिन पूर्व हालत बिगड़ने पर सैफई रेफर किया था। जिले में कोरोना से यह चौथी मौत है।
गौतमबुद्धनगर में मिले 12 नए कोरोना संक्रमित
गौतमबुद्धनगर जिले में शुक्रवार को 12 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में कुल मरीजों की संख्या 214 हो गई है। 118 लोग ठीक होकर अपने अपने घर जा चुके हैं। वहीं एक की मौत हो चुकी है।
कानपुर में कोरोना मरीजों की संख्या 300 पार
शुक्रवार को कोरोना के नौ नए मामले सामने आए हैं। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि हॉटस्पॉट इलाके के नौ और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। ये सभी हॉटस्पॉट इलाके के हैं। दो मरीज बाबूपुरवा, पांच कर्नलगंज और दो चमनगंज क्षेत्र के हैं। कानपुर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 301 हो गई है।
गाजियाबाद में 13 नए संक्रमित
शुक्रवार को 13 नए मरीजों की पुष्टि के साथ ही मरीजों की संख्या 133 हो गई है। पांच मरीज झंडापुर में मृतका के परिवार के हैं। महिला की मौत पांच दिन पहले दिल्ली में हुई थी। तीन खोड़ा के रहने वाले हैं, जबकि दो महिलाएं अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराने गई थीं।
मायावती का सरकार पर हमला
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को प्रवासी मजदूरों का मुद्दा उठाकर एक बार फिर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिक व्यथित हैं। केंद्र और राज्य सरकार उनके साथ जिस तरह का व्यवहार कर रही है, वह बहुत गलत है। उनके लिए ढंग से भोजन और आवास की भी व्यवस्था नहीं की जा रही है।